घनसाली। भिलंगना ब्लॉक के हिंदाव क्षेत्र में घनसाली–अखोड़ी–हुलानाखाल–मूलगढ रिंग रोड पर करीब एक माह से बाधित यातायात बहाल नहीं होने पर जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह घणाता ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 9 नवंबर 2026 तक सड़क की मरम्मत और सुरक्षा दीवारों का निर्माण नहीं किया गया, तो 10 नवंबर को मूलगढ में सड़क पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह घणाता ने 23 अक्टूबर 2026 को लोक निर्माण विभाग, घनसाली के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर बताया कि 25 सितंबर 2026 को भारी बारिश के कारण हिंदाव क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बावजूद करीब एक माह बीतने के बाद भी सड़क की मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा दीवारों का निर्माण नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने से रोडवेज बस सेवाएं, गैस वितरण वाहन और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इससे ग्रामीणों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर कार्य में देरी से क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ रहा है।
पेचवर्क की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
जिला पंचायत सदस्य श्री घणाता ने सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए कराए गए पेचवर्क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पेचवर्क की गुणवत्ता की जांच कर मानकों के अनुरूप सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने विभाग से क्षतिग्रस्त स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षा एवं सपोर्ट दीवारों का निर्माण कराने, सड़क की मरम्मत कर यातायात शीघ्र बहाल करने और निर्माण कार्य पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित कर लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
9 नवंबर तक का दिया अल्टीमेटम
जिला पंचायत सदस्य ने चेतावनी दी है कि यदि 9 नवंबर तक कार्यों में ठोस प्रगति नहीं होती और यातायात बहाल नहीं किया जाता, तो 10 नवंबर 2026 को मूलगढ में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने विभागीय उदासीनता के कारण उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होने की बात कही है।
उन्होंने जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। घनाता जी ने पत्र में लिखा है कि
इस संबंध में दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को प्रार्थना पत्र देकर शीघ्र कार्यवाही का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद अब तक सड़क पर दीवार निर्माण एवं यातायात बहाली के लिए कोई ठोस कार्यवाही दिखाई नहीं दे रही है।
प्रमुख मांगें
-क्षतिग्रस्त स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा एवं सपोर्ट दीवारों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
-सड़क की मरम्मत कर रोडवेज बसों, गैस वितरण वाहनों एवं भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही शीघ्र बहाल की जाए।
-कराए गए पैचवर्क की गुणवत्ता की जांच कराकर मानकों के अनुरूप सड़क को गड्ढा मुक्त किया जाए।
-निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण करने की स्पष्ट समय सीमा निर्धारित कर उसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
तो विभाग रहेगा जिम्मेदार
यदि दिनांक 9 नवंबर 2026 तक उपरोक्त कार्यों में ठोस प्रगति नहीं होती है और यातायात बहाल नहीं किया जाता है, तो क्षेत्रवासी दिनांक 10 नवंबर 2026 को मूलगढ में सड़क पर शांतिपूर्ण धरना–प्रदर्शन एवं आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। विभागीय उदासीनता के कारण उत्पन्न होने वाली इस स्थिति की सम्पूर्ण जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की ही होगी।











